कल का मौसम 14 जनवरी 2025: शीतलहर से कांप रहा उत्तर भारत, दिल्ली-NCR में गिरेगा पारा, कश्मीर से लेकर यूपी-बिहार का जानें हालm

नई दिल्ली: शीतलहर कांप रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सोमवार दिन में थोड़ी राहत मिली। धूप तेज होने से ज्यादातर लोग छतों पर या बालकनी में बैठ नजर आए। इस दौरान अधिकतम तापमान में थोड़ा उछाल आया। हालांकि, मौसम विभाग ने 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति से न्यूनतम तापमान में गिरावट की भविष्यवाणी की है। वहीं बात करें उत्तर प्रदेश और बिहार की तो वहां मौसम में कुछ सुधार हुआ। एक दिन पहले बारिश से गलन बढ़ गई, कोहरे का भी असर नजर आया। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में अगले कुछ दिन ठंड का दौर जारी रहेगा। हालांकि, 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के बाद कोल्ड वेव से कुछ राहत मिल सकती है। कोहरे को लेकर बिहार-राजस्थान समेत कुछ जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में ठंड का दौर जारी, और गिरेगा पारा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में कोहरे का असर नजर आ रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवाल को कुछ इलाकों घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को दिन की शुरुआत ठंडी हवाओं के साथ हुई, हालांकि, दिन में धूप निकलने से लोगों को बड़ी राहत मिली। आईएमडी ने 14 जनवरी को लेकर जारी पूर्वानुमान में मुख्य रूप से साफ आसमान की भविष्यवाणी की है। हालांकि, शाम और रात के दौरान धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं वापस आने वाली हैं, जिससे क्षेत्र में ठंड बढ़ जाएगी।

यूपी में बढ़ी गलन, ठिठुरने को मजबूर हुए लोग

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला है। रविवार को अचानक कई जगह बारिश से गलन बढ़ गई। हालांकि, सोमवार को मौसम साफ रहा। कुछ जगहों पर कोहरे से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन ऐसा ही स्थिति रहने के आसार है। ठंड ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार में एक बार फिर ठंड की वापसी करा दी है। शीतलहर ने लोगों को घर में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ सेकते नजर आ रहे हैं।

राजस्थान में घने कोहरे के साथ ठंड का अलर्ट

राजस्थान के अनेक इलाकों में सोमवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे के बीच हुई और कड़ाके की सर्दी का कहर भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते चौबीस घंटे में कई जगह बूंदाबांदी हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार को सुबह तक, बीते चौबीस घंटे में पूर्वी राजस्थान में कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। सर्द हवाओं के चलते इस दौरान कई जगह शीत दिन दर्ज किया गया। 14 जनवरी को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

समूचे कश्मीर में आसमान साफ, पारे में गिरावट

समूचे कश्मीर में आसमान साफ रहा, हालांकि पारे में गिरावट दर्ज की गई और पहलगाम शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ घाटी में सबसे ठंडा स्थान बना रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक घाटी में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 14 जनवरी को बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा। 15 और 16 जनवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और 16 जनवरी की सुबह के समय ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होगी। 17 से 19 जनवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और 19 तारीख तक बारिश की संभावना नहीं दिख रही है।’

पंजाब, हरियाणा में ठंड का दौर जारी

पंजाब और हरियाणा में सोमवार को ठंड के प्रकोप में कोई कमी नहीं आई और अमृतसर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के अन्य स्थानों में से लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन कड़ाके की ठंड का पूर्वानुमान जताया है। हरियाणा में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Speed News के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts

Leave a Comment