नई दिल्ली। केरल के वायनाड में भारी बारिश के चलते दो दिन पहले वहां खतरनाक भूस्खलन की घटना हुई थी। इस घटना में मरने वालों की संख्या 276 पहुंच गई है। 130 लोग घायल हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में 240 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। वहीं, मौसम विभाग ने वायनाड में आज भी भारी बारिश की आशंका जताई है। आईएमडी ने रेड अलर्ट भी जारी किया है। हालात को देखते हुए आपदा प्रबंधन दल ने कई जगहों पर भूस्खलन की चेतावनी दी है। बचाव कार्य के लिए ड्रोन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, खोजी कुत्तों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुरलमाला पहुंचे
इस बीच, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पीड़ितों का हाल जानने चुरलमाला पहुंचे हैं। इस भीषण भूस्खलन से सबसे ज्यादा नुकसान इसी इलाके को हुआ है। राहुल और प्रियंका यहां मौजूद राहत शिविरों में जाकर पीड़ितों से मिल रहे हैं। आपको बता दें कि राहुल गांधी इस साल वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव जीते हैं। हालांकि, उन्होंने वायनाड लोकसभा सीट छोड़ दी है और रायबरेली से सांसद हैं। अब यह लगभग तय है कि प्रियंका गांधी वहां की लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेंस की उम्मीदवार होंगी।
केरल के सीएम विजयन ने केंद्र पर साधा निशाना
इस हादसे को लेकर केरल के सीएम विजयन ने कहा है कि ‘जब भी ऐसी कोई घटना होती है तो आप दूसरों पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारियों से नहीं भाग सकते। आईएमडी ने इस घटना को लेकर एक बार भी रेड अलर्ट नहीं भेजा।’ सीएम ने आज घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण किया है। उन्होंने इस हादसे को लेकर एक सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की। वे इस मामले को लेकर आज अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल होने वाले हैं।