फिरोजाबाद: मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा पार्षद को मारी गोली, आगरा रेफर

मॉर्निंग वॉक, भाजपा पार्षद, मारी गोली, आगरा रेफर, अज्ञात हमलावर, Morning walk, BJP councilor, shot, referred to Agra, unknown attacker,

फिरोजाबाद। लाइनपार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता व पार्षद को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल भाजपा पार्षद को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर से आगरा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिले के लाइनपार थाना क्षेत्र के लेबर कॉलोनी निवासी अलीम भोला फिरोजाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर 48 से पार्षद होने के साथ ही स्थानीय भाजपा नेता भी हैं। मंगलवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। जैसे ही वह लेबर कॉलोनी स्थित ओवर ब्रिज पर पहुंचे तो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल पार्षद को उपचार के लिए तुरंत सरकारी ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में भिजवाया। जहां डॉक्टर ने पार्षद की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। घायल पार्षद के बेटे आविद ने बताया कि सुबह टहलने जाते समय उनके पिता पर हमला हुआ।

दो गोलियां उन्हें लगीं, एक कमर में और दूसरी पैर में। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमला हुआ है। एएसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की है। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता भी अस्पताल पहुंच गए। एएसपी सिटी रविशंकर प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Speed News के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts