समस्तीपुर। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने समस्तीपुर में भाजपा पर जमकर हमला बोला। वे वहां कार्यकर्ताओं के साथ दो दिवसीय सीधा संवाद कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि दो दिनों तक कार्यकर्ताओं से सकारात्मक बातचीत हुई। राजद और बिहार को बहुत आगे ले जाना है।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत करने के लिए कई सुझाव दिए हैं। इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा भाजपा द्वारा आरक्षण को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत बड़ी झूठी पार्टी है। ये लोग सिर्फ लोगों को गुमराह करते हैं।
इनके पास कोई दूसरा काम नहीं है। हम बिहार को आगे ले जाने की बात कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन विधानसभा क्षेत्रों में राजद को अपने सिंबल पर चुनाव लड़ना चाहिए। पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं ने जिला कमेटी के लोगों द्वारा तरजीह नहीं दिए जाने का मुद्दा भी उठाया।
इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि पटना मुख्यालय से पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें लोग अपनी समस्याएं रखेंगे। इस पर कार्रवाई की जाएगी। पटना लौटते ही वे इस ग्रुप को एक्टिवेट कर कार्यकर्ताओं से संवाद करते रहेंगे।