नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि छह दशक बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी है। लोगों ने तीसरी बार इस सरकार पर अपना भरोसा जताया है। लोग जानते हैं कि यही सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। राष्ट्रपति अठारहवीं लोकसभा के गठन के बाद आज लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी
राष्ट्रपति ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सभी देश के मतदाताओं का विश्वास जीतकर यहां आए हैं। देश और लोगों की सेवा करने का यह अवसर बहुत कम लोगों को मिलता है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे।
दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव
राष्ट्रपति मुर्मू ने लोकसभा चुनाव के सफल आयोजन के लिए चुनाव आयोग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने जोश और उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का पालन किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि आज पूरी दुनिया में 2024 के लोकसभा चुनाव की चर्चा हो रही है। दुनिया देख रही है कि भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार एक स्थिर और स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक लोकसभा है।
इस लोकसभा का गठन अमृतकाल के शुरुआती वर्षों में हुआ था। यह लोकसभा देश के संविधान को अपनाने के 56वें वर्ष की भी साक्षी बनेगी। आने वाले सत्रों में यह सरकार अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करने जा रही है। यह बजट सरकार की दूरगामी नीतियों और भविष्य के विजन का प्रभावी दस्तावेज होगा। इस बजट में बड़े आर्थिक और सामाजिक फैसलों के साथ-साथ कई ऐतिहासिक कदम भी देखने को मिलेंगे।