पहली बार दिल्ली आ रही है देश की सबसे तेज ट्रेन, सवारी करनी है तो जान लीजिए किराया

नई दिल्ली: दिल्ली वालों को नए साल पर देश की सबसे तेज ट्रेन का तोहफा मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार यानी 5 जनवरी, 2025 को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे सेक्शन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही नमो भारत ट्रेन अब दिल्ली पहुंचेंगी। अभी साहिबाबाद और मेरठ दक्षिण के बीच इस कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा चालू है जिसमें 9 स्टेशन हैं। साहिबबाद-न्यू अशोक नगर सेक्शन के खुलने के साथ ही नमो भारत कॉरिडोर का ऑपरेशनल सेक्शन 55 किलोमीटर तक बढ़ जाएगा। इसमें कुल 11 स्टेशन होंगे। रविवार शाम 5 बजे से आम लोग भी नमो भारत में दिल्ली से सफर कर सकेंगे। यह ट्रेन 15 मिनट की फ्रीक्वेंसी पर जनता के लिए उपलब्ध होंगी।

न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है। इस सेक्शन पर परिचालन शुरू होने से मेरठ शहर अब नमो भारत के जरिए दिल्ली से सीधे जुड़ जाएगा। इससे यात्रा का समय एक तिहाई कम हो जाएगा। यात्री न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ 40 मिनट में यात्रा कर सकेंगे। इस कॉरिडोर के 17 किमी लंबे प्राथमिक खंड (साहिबाबाद-दुहाई डिपो) का उद्घाटन 23 अक्तूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। तबसे 50 लाख से ज्यादा लोग नमो भारत ट्रेनों में सफर कर चुके हैं।

RRTS Fare

 

RRTS Fare

 

सबसे तेज ट्रेन

न्यू अशोक नगर से सराय काले खां और मेरठ साउथ से मोदीपुरम सेक्शन पर भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर सेक्शन पर 13 किलोमीटर में से 6 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड है। इसमें कॉरिडोर का एक प्रमुख स्टेशन आनंद विहार भी शामिल है। यह पहली मौका है जब नमो भारत ट्रेनें अंडरग्राउंड सेक्शन में चलेंगी। न्यू अशोक नगर एलिवेटेड स्टेशन है। ये दोनों स्टेशन दिल्ली में स्थित हैं। 82 किलोमीटर की दूरी तय करने वाला दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर नई दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम में समाप्त होता है। इसमें 16 नमो भारत स्टेशन और मेरठ मेट्रो के लिए 9 अतिरिक्त स्टेशन हैं।

नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने में सक्षम है। हालांकि अभी इसे 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा है। यह भारत की सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन है। वंदे भारत एक्सप्रेस भी 180 किमी की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है लेकिन इसकी औसत रफ्तार 95 किमी प्रति घंटे है। हाल में वंदे भारत के स्लीपर वर्जन ने ट्रायल के दौरान 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। लेकिन रेगुलर ऑपरेशन में इसकी रफ्तार कम रहेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Speed News के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts

Leave a Comment