नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्र में साफ दिख रहा है। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में इस समय कंपकंपी वाली ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार नए साल में जनवरी की शुरुआत में शीतलहर के साथ ही धुंध बढ़ने का अनुमान है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
नए साल में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार, पाकिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ भी 1 से 6 जनवरी, 2025 तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम ब्यूरो ने भविष्यवाणी की है कि 29 दिसंबर से 1 जनवरी, 2025 तक हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति होने की संभावना है। यह 30 और 31 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण शीत लहर में बदल सकती है।
दिल्ली-NCR में कोहरे के साथ बढ़ेगी ठंड
दिल्ली में 29 दिसंबर से 4 जनवरी तक के मौसम पूर्वानुमान में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इसमें 29-30 दिसंबर को बहुत घना कोहरा और 31 दिसंबर को घना कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस स्थिति में दिल्ली और एनसीआर सहित अन्य हिस्सों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इस समय घना कोहरा देखा जा रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण ड्राइविंग करना मुश्किल हो सकता है। कोहरे की चादर ने इन राज्यों में ठंड को और बढ़ा दिया है। इससे सर्दी का अहसास और भी तेज हो गया है।
पंजाब-हरियाणा में शीतलहर
पंजाब और हरियाणा में 29 दिसंबर से 3 जनवरी, 2025 तक शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, आईएमडी ने 28 और 29 दिसंबर को राजस्थान में ठंडे दिन रहने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम और भी बिगड़ सकता है और ठंडी हवाएं और बारिश की संभावना बनी रहेगी। देर रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घना कोहरा रहने की आशंका जताई जा रही है।
बाकी हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 दिसंबर तक घना कोहरा रहने का अनुमान है। इस अवधि के दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा और झारखंड जैसे राज्यों में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर भारत में, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में 30 दिसंबर से 2 जनवरी, 2025 तक घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है।